भोपाल। राजधानी के हबीबगंज थाना क्षेत्र स्थित 12 नंबर मल्टी इलाके में सोमवार अलसुबह बदमाशों ने दहशत फैलाने की नीयत से एक कार में जमकर तोड़फोड़ की। वर्चस्व को लेकर की गई इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
फुटेज में आरोपी कार पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार करते साफ नजर आ रहे हैं। सोमवार दोपहर पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई। प्राथमिक जांच में चमन और सचिन हिरवे उर्फ अज्जू के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मोहल्ले में अपना दबदबा कायम करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।
हबीबगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





