हरदा। सिराली थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7 ग्राम एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) के साथ एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी नारायण बांके (42) निवासी ग्राम बंदीमुहाड़िया है, जो भाजपा पार्षद रेखा बांके का पति बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1 लाख रुपये कीमत की ड्रग्स, पल्सर बाइक और मोबाइल सहित कुल 2.25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। रविवार को अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को 20 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी सीताराम पटेल के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी हरदा से बीड़ रोड होते हुए बाइक से ड्रग्स की खेप लेकर जा रहा है। पुलिस, पुलिस लाइन और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बीड़-रोलगांव मार्ग पर नहर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पल्सर सवार को रोका। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से दो पारदर्शी थैलियों में रखी 7 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और क्षेत्र में किसे सप्लाई करने जा रहा था।




