भोपाल। राजधानी घूमकर अपने गांव लौट रहे एक 18 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुनगा थाना क्षेत्र के गोलखेड़ी के पास हुआ, जहां सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठा उसका रिश्तेदार घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पीपलखेड़ा निवासी विपिन अहिरवार (18) शनिवार शाम अपने रिश्ते के भाई शेर सिंह के साथ खरीदारी करने भोपाल आया था। रात शहर में रुकने के बाद रविवार सुबह दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। गोलखेड़ी के पास सामने से आए डंपर ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विपिन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका भाई घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विपिन को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक का इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर डंपर चालक की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।



