बैरसिया। दशहरा मैदान में नगर पालिका के नाम पर फर्जी रसीद काटकर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष तनुश्री कुलदीप राठौर की शिकायत पर बैरसिया थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े की धाराओं (318(4) व 319(2) बीएनएस) में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर राजू धाकड़ नामक व्यक्ति द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में दशहरा मैदान में नपा की रसीद थमाकर लोगों से अवैध वसूली करने का दावा किया गया था। वीडियो में वसूली के शिकार हुए लोगों के नाम भी सामने आए हैं।
मामला संज्ञान में आने पर नपा अध्यक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत में स्पष्ट किया कि नगर पालिका ने ऐसी किसी वसूली के लिए किसी भी कर्मचारी को अधिकृत नहीं किया था। उन्होंने आशंका जताई है कि फर्जीवाड़े में किसी विभागीय कर्मचारी की मिलीभगत भी हो सकती है।
अध्यक्ष की मांग पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक साहब सिंह एवने को सौंपी है। पुलिस अब वायरल वीडियो, रसीदों और संदेही व्यक्तियों की पड़ताल कर सच्चाई का पता लगा रही है।



