इंदौर। दीपावली से ठीक पहले शहर में अवैध आतिशबाजी के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा शिकंजा कसा है। क्राइम ब्रांच और स्थानीय थानों की संयुक्त टीमों ने 6 थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर रिहायशी इलाकों से 10 लाख रुपए से अधिक कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए हैं। बिना लाइसेंस भंडारण और बिक्री करने वालों पर विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, त्योहार के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत विजयनगर, लसूड़िया, एरोड्रम, परदेशीपुरा, खजराना और हीरानगर में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी गई। जांच में पाया गया कि घनी बस्तियों और रिहायशी मकानों के भीतर बिना किसी सुरक्षा इंतजाम या वैध लाइसेंस के बारूद का बड़ा जखीरा छिपाकर रखा गया था।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि घनी आबादी के बीच पटाखों का अवैध भंडारण किसी बड़े हादसे और जान-माल के भारी नुकसान का सबब बन सकता था। पुलिस अब कार्बाइड गन और कार्बाइड पटाखों की अवैध बिक्री पर भी पैनी नजर रख रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।



