भोपाल। राजधानी भोपाल की कोहेफिजा पुलिस ने इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे एक कुख्यात बदमाश को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इलाके में अपना दबदबा और खौफ कायम करने के लिए अवैध हथियार लेकर घूम रहा था और लोगों को धमका रहा था।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोहेफिजा स्थित सैफिया कॉलेज ग्राउंड के पास एक युवक हथियार के साथ बैठा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 31 वर्षीय शफीक उल्ला उर्फ ‘सप्पू पिस्टल’ (निवासी अशोका गार्डन, फेमस होटल के पीछे) के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस (राउंड) बरामद हुए हैं।
शहर के कई थानों में दर्ज हैं 16 केस
‘सप्पू पिस्टल’ शहर का एक आदतन अपराधी है और लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस शातिर बदमाश पर भोपाल के अलग-अलग थानों (कमला नगर, गौतम नगर, रातीबड़, कोलार, स्टेशन बजरिया, कोतवाली और कोहेफिजा) में हत्या का प्रयास, डकैती की योजना, अपहरण, अड़ीबाजी, मारपीट और अवैध शराब व हथियार रखने के कुल 16 मामले पहले से दर्ज हैं।
कोहेफिजा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



