भोपाल : राजधानी के गुनगा थाना क्षेत्र में 11वीं की 15 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को पीड़िता के ही सहपाठी ने अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले आरोपी ने स्कूल परिसर में छात्रा को डरा-धमकाकर उसके साथ जबरदस्ती की थी और मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार छात्रा का शोषण करता रहा। बदनामी के डर से पीड़िता लंबे समय तक चुप रही।
हाल ही में आरोपी ने उक्त वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो सार्वजनिक होते ही छात्रा ने परिजनों को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद गुनगा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
थाना प्रभारी रिंकू जाटव ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को शुक्रवार को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अब मामले में डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है और यह भी जांच कर रही है कि वीडियो किन-किन सोशल मीडिया खातों से साझा किया गया।




