भीकनगांव (खरगोन)। जिले के शंकरखेड़ी गांव में कैंसर पीड़ित मां की देखभाल को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को घर के पीछे बने कमरे में गड्ढा खोदकर नमक डालकर दबा दिया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने आरोपी को पकड़कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर को संतोष बारे (38) का अपनी बीमार मां से किसी बात पर विवाद हो रहा था। यह देखकर छोटा भाई पूनम बारे गुस्से में आ गया और उसने संतोष पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर में गंभीर अंदरूनी चोट लगने से संतोष की मौत हो गई। अगली सुबह मौत का पता चलने पर पूनम ने घर में ही गड्ढा खोदा और शव को नमक डालकर गाड़ दिया।
आरोपी ने मृतक के नाबालिग बच्चों को धमकी दी थी कि मुंह खोलने पर उन्हें भी जेल भिजवा देगा। 7 नवंबर को सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
भीकनगांव थाना पुलिस ने आरोपी पूनम के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में हत्या, साक्ष्य छिपाने और धमकी देने का मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लाठी भी बरामद कर ली है।



