इंदौर। शहर के राऊ थाना क्षेत्र स्थित साईं विहार कॉलोनी में रविवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां किराए के मकान में रहने वाले पराठा कारोबारी पवन सोनी (40) ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी वर्षा (35) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी तब लगी जब शाम करीब चार बजे उनके दोनों मासूम बच्चे बाहर से खेलकर घर लौटे।
एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग और आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। मूल रूप से रीवा निवासी पवन का 15 वर्षीय बेटा और 7 वर्षीय बेटी हैं, जिन्हें उसने दोपहर में पास के गार्डन में खेलने भेज दिया था। शाम को जब बच्चे घर पहुंचे, तो मां का लहूलुहान शव और पिता को फंदे पर लटका देख सन्न रह गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सूत्रों के मुताबिक, घर में वेल्डिंग का काम करने वाले रेहान नामक युवक और वर्षा के बीच बातचीत को लेकर दंपती में विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है और परिजनों व पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।




