उज्जैन। नागझिरी चौराहे पर सोयाबीन प्लांट के सामने रविवार रात एक दुकान और मकान में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में घर के भीतर फंसे एक बुजुर्ग बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें 108 एंबुलेंस से चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग की इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर सहित तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी और नगर निगम की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। आग की लपटें तेजी से फैलती देख एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली सप्लाई तुरंत बंद करा दी गई।
मौके पर पहुंचे आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहनों ने घंटों की मशक्कत के बाद हालात पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया। पुलिस बल ने क्षेत्र में जुटी भारी भीड़ को संभालते हुए राहत कार्य में सहयोग किया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की सही वजह सामने नहीं आ सकी है; प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।




