भोपाल। दीपावली की खुशियों के बीच आतिशबाजी के दौरान बरती गई लापरवाही मासूम बच्चों की आंखों पर भारी पड़ गई। राजधानी के हमीदिया अस्पताल में दीपावली की रात पटाखों से आंखें घायल होने के 5 मामले पहुंचे। इनमें सबसे गंभीर स्थिति 14 साल के एक किशोर की है, जिसकी आंख में पटाखा फटने से रोशनी लगभग जाने की कगार पर पहुंच गई है।
हमीदिया अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एसएस कुबरे ने बताया कि किशोर की आंख की बाहरी सफेद परत (स्क्लेरा) पूरी तरह फट चुकी थी और बारूद के कण अंदर तक धंस गए थे। डॉक्टरों ने तुरंत करीब एक घंटे तक सर्जरी कर फटी हुई परत पर टांके लगाए, लेकिन आंख के अंदर भारी खून जमा होने और मोतियाबिंद बनने के कारण नुकसान काफी गहरा है। अब रेटिना और अंदरूनी हिस्से के जटिल ऑपरेशन (विट्रेक्टॉमी) के लिए उसे उच्च विशेषज्ञ केंद्र रेफर किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे की आंखों की रोशनी वापस लौटने की उम्मीद बेहद कम है।
अस्पताल में पहुंची 7 वर्षीय बच्ची की आंख की पुतली में भी बारूद के कण फंस गए थे, जिन्हें डॉक्टरों ने रात में ही निकाल लिया। एहतियात के तौर पर बच्ची को भर्ती रखा गया है, जबकि मामूली रूप से घायल 3 अन्य मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने आने वाले एक-दो दिनों में आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी ऐसे मामले आने की आशंका जताई है।




