विदिशा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बंटी नगर में बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रंगोली पर बच्चे की साइकिल निकलने की बात को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने एक महिला पर कुल्हाड़ी और हथौड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाटू श्याम मंदिर के पास रहने वाली 32 वर्षीय रानी कुशवाहा के बेटे की साइकिल गलती से पड़ोस में रहने वाली विनीता कुशवाहा द्वारा बनाई गई रंगोली पर निकल गई थी। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। घायल महिला के पति हुकुम सिंह का आरोप है कि पड़ोसियों ने पहले बच्चे के साथ मारपीट की थी। इसके बाद रविवार सुबह जब वह बाजार गए हुए थे, तभी विवाद ने दोबारा तूल पकड़ लिया और आरोपियों ने कुल्हाड़ी व हथौड़ी से रानी पर हमला कर दिया। हमले में रानी बेहोश हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजनों के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पूर्व से कचरा फेंकने को लेकर भी रंजिश चल रही थी। हुकुम सिंह ने वारदात में एक से अधिक लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



