भोपाल। राजधानी के वैशाली नगर में नगर निगम की पेयजल सप्लाई में जानलेवा ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने से हड़कंप मच गया है। यह वही खतरनाक बैक्टीरिया है, जिसकी चपेट में आने से इंदौर के भागीरथपुरा में 36 लोगों की मौत हो चुकी है। सरकारी लैब की रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कॉलोनी के करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया है और वे बाजार से बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं।
लंबे समय से गंदे पानी की सप्लाई से परेशान स्थानीय रहवासी विवेक राय ने अपने स्तर पर पानी का सैंपल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PCB) की स्टेट रिसर्च लैब में भेजा था। 28 अक्टूबर को आई पहली रिपोर्ट में 100 मिली पानी में ई-कोलाई की मात्रा 660 MPN पाई गई, जबकि पीने के पानी में यह शून्य होनी चाहिए। इसके बाद 13 नवंबर को आई दूसरी रिपोर्ट में भी बैक्टीरिया का स्तर 350 MPN मिला।
रहवासियों की शिकायत पर निगम की टीम ने खानापूर्ति करते हुए तीन घरों से सैंपल लेकर रिपोर्ट नेगेटिव बता दी थी, लेकिन दो दिन बाद ही नलों से फिर गंदा पानी आने लगा। रहवासियों का आरोप है कि इलाके की पेयजल पाइपलाइन के ठीक पास से सीवेज लाइन गुजरती है। वायु नगर के चेंबर ओवरफ्लो होने के कारण लीकेज के जरिए सीवेज का गंदा पानी पीने के पानी में मिल रहा है।
इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोलार नेटवर्क के इसी सिस्टम से शहर के 9 जोन के करीब 7 लाख लोगों को पानी सप्लाई होता है, जिससे लाखों लोगों की सेहत खतरे में है। वहीं, नगर निगम के सभापति किशन सूर्यवंशी का कहना है कि शिकायत के बाद मौके पर टीम भेजकर सैंपलिंग कराई गई है और पूरी एहतियात बरती जा रही है।



