जबलपुर। विजय नगर स्थित ‘रॉयल क्राउन स्पा’ में काम कर चुकी कक्षा 12वीं की एक छात्रा ने स्पा संचालक आशुतोष पांडेय पर अश्लील हरकतें करने और समझौते के लिए धमकाने का आरोप लगाया है। मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता ने खुद और परिवार के लिए सुरक्षा की गुहार लगाई।
क्या है पूरा मामला? आर्थिक तंगी के चलते छात्रा ने जुलाई 2026 में एकता चौक स्थित इस स्पा में नौकरी शुरू की थी। आरोप है कि संचालक उस पर गलत नजर रखता था और 3 सितंबर 2026 को उससे अश्लील हरकत का प्रयास किया। पीड़िता की शिकायत पर विजय नगर थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस (अपराध क्रमांक 408/2026) दर्ज किया गया। इस मामले में आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका जिला अदालत और हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है।
कोर्ट परिसर में मिली धमकी छात्रा का आरोप है कि जब वह मामले में आपत्ति लगाने कोर्ट गई, तो वहां कुछ वकीलों ने उस पर बयान बदलने का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर उसे घर से उठवाने और जान से मारने की धमकी दी गई।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं केस आवेदन में छात्रा ने यह भी खुलासा किया है कि संचालक गरीब लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर अनैतिक काम करवाता है और बाहर से भी युवतियां बुलाई जाती हैं। संचालक के खिलाफ वर्ष 2025 में भी विजय नगर थाने में ऐसा ही एक मामला (अपराध क्रमांक 374/2025) दर्ज हो चुका है, जो फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है।
पुलिस का पक्ष विजय नगर थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि एसपी कार्यालय से छात्रा का शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है, जिसके आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।




