भोपाल। गांधीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के 28 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बिजली ऑफिस के पीछे रहने वाले सुनील उर्फ दीपक अहिरवार (पिता भंवरलाल अहिरवार) के रूप में हुई है। वह पेंटिंग की ठेकेदारी करता था और तीन भाइयों में सबसे छोटा व अविवाहित था।
पुलिस के अनुसार, सुनील शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर परिजनों से विवाद करता था। मंगलवार रात भी वह शराब पीकर घर लौटा और अपने कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह करीब 4 बजे परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम ने मौके का मुआयना किया। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं होने के कारण आत्महत्या की असल वजह साफ नहीं हो पाई है। बुधवार दोपहर हमीदिया अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।



