सीहोर। भैरूंदा हाईवे स्थित कांकड़खेड़ा में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 10 वर्षीय बच्ची से अश्लील हरकतें करने वाले युवक को पीड़िता की मां ने साहस दिखाते हुए जाल बिछाकर पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर जमा हुई गुस्साई भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी और उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया। इस घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी चांद पठान लंबे समय से नाबालिग बच्ची को फोन और वीडियो कॉल के जरिए परेशान कर अश्लील हरकतें कर रहा था। बच्ची द्वारा आपबीती बताने पर उसकी मां ने एक दिन पहले थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस से मदद न मिलने पर मां ने अपनी सहेली के साथ मिलकर आरोपी को सबक सिखाने की योजना बनाई। उन्होंने बच्ची के फोन से ही मैसेज कर आरोपी को कांकड़खेड़ा बुलाया और उसके पहुंचते ही उसे दबोच लिया। शोर मचने पर एकत्रित हुई भीड़ ने मामला जानकर आरोपी की धुनाई कर दी और बाइक फूंक दी, जिससे हाईवे पर कुछ देर यातायात भी बाधित रहा। हैरानी की बात यह रही कि हंगामे से एक घंटे पहले डायल-112 को सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची।




