कटनी में पुलिस अधीक्षक (एसपी) रहते हुए विवादों में घिरे रहे 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिजीत कुमार रंजन के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जांच के निर्देश दिए हैं। गृह मंत्रालय के अवर सचिव ने 12 नवंबर को प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इस पूरे मामले की जांच कराने को कहा है।
क्या है पूरा मामला? यह कार्रवाई जबलपुर के जयप्रकाश नगर, आधारताल निवासी राजकुमार सोनी की शिकायत पर की गई है। सोनी ने बीती 25 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्रालय में आईपीएस अभिजीत रंजन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
विवादों के बाद हटाए गए थे पद से मार्च 2023 में कटनी एसपी बनाए गए अभिजीत रंजन का कार्यकाल जून 2025 में विवादों की भेंट चढ़ गया था। तत्कालीन सीएसपी ख्याति मिश्रा के पति और तहसीलदार शैलेंद्र बिहारी शर्मा ने रंजन पर गंभीर आरोप लगाए थे, हालांकि सीएसपी मिश्रा ने भी अपने पति पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप जड़ा था।
इस पारिवारिक विवाद और महिला थाने से जुड़े एक अन्य मामले के तूल पकड़ने के बाद, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर जून 2025 में अभिजीत रंजन को कटनी एसपी के पद से हटाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय अटैच कर दिया गया था। इससे पहले वे ग्वालियर, रीवा, उज्जैन और सिंगरौली जिलों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।




