इंदौर । शहर के पॉश इलाके वाईएन रोड स्थित एक गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर के घर से करीब 1 किलो 340 ग्राम सोने और हीरे के कीमती जेवरात गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि तिजोरी का ताला टूटा नहीं है और उसमें रखा अन्य छोटा-मोटा सामान भी सुरक्षित है। परिवार ने सुनियोजित चोरी की आशंका जताते हुए तुकोगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
धनतेरस से पहले रखे थे जेवर, शुक्रवार को खुला राज तुकोगंज थाना क्षेत्र के वाईएन रोड (रांका मेंशन के पास) निवासी गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर और सप्लायर राजेश जैन (युवा) ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी ने धनतेरस से पहले अपने सभी कीमती जेवर घर के गोदरेज लॉकर में रखे थे। शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे जब पत्नी ने लॉकर खोला, तो उनके होश उड़ गए। लॉकर से शादी के समय के करीब 25-26 साल पुराने पुश्तैनी जेवर, सोने के 10 बड़े सेट और हीरे का एक कीमती सेट गायब था।
तलाशी के बिना सिर्फ कीमती सामान ले उड़े चोर चोरी के तरीके को देखकर पुलिस और परिवार दोनों हैरान हैं। लॉकर में रखी छोटी वस्तुएं बिल्कुल सही सलामत हैं, केवल भारी और चुनिंदा सेट ही निकाले गए हैं। इससे साफ जाहिर है कि वारदात को अंजाम देने वाले को घर और तिजोरी की पूरी जानकारी थी। परिवार ने घर के स्टाफ और नियमित रूप से आने-जाने वाले लोगों पर संदेह जताया है। तुकोगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर घर में काम करने वालों से पूछताछ शुरू कर दी है।



