खंडवा। जिले में पुराने और बिना रजिस्ट्रेशन वाले ट्रैक्टरों को फर्जी बिलों के जरिए नया बताकर बेचने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। पदमनगर पुलिस ने इस मामले में हरसूद स्थित ‘बालाजी एग्रो इंडस्ट्रीज’ के संचालक दो सगे भाइयों—योगेश पटेल (26) और अभिषेक उर्फ सोनू पटेल (24) निवासी ग्राम मातापुर (थाना खालवा)—को गिरफ्तार किया है।
पंधाना रोड स्थित श्री केदारनाथ ट्रैक्टर्स के संचालक दीपक शर्मा और महेंद्र वैष्णव ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अन्य जिलों के ट्रैक्टर डीलर्स से मिलकर फर्जी इनवॉइस (बिल) तैयार करवाते थे। इन्हीं नकली बिलों के आधार पर वे खंडवा आरटीओ में पुराने ट्रैक्टरों का नए वाहन के रूप में रजिस्ट्रेशन करा लेते थे। इस फर्जीवाड़े से सरकारी रिकॉर्ड में ग्राहक वाहन का पहला मालिक दर्ज हो जाता था, जबकि ग्राहकों को इस हेराफेरी और असली बिल की कोई जानकारी नहीं दी जाती थी। पुलिस ने फर्जी बिल बनाने वाले डीलर्स को भी आरोपी बनाया है और उनकी भूमिका की जांच जारी है।



