जबलपुर। सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता एक कपड़ा दुकान में काम करती है। वर्ष 2024 में उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए घमापुर (सरकारी कुआं) निवासी ईशान गुप्ता से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने प्यार का इजहार कर शादी का वादा किया।
आरोप है कि ईशान उसे धनवंतरी नगर स्थित होटल पर्ल इन ले गया, जहां उसने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया। बाद में उज्जैन और मैहर यात्रा के दौरान भी आरोपी ने भरोसा दिलाने के लिए युवती की मांग भरी और शारीरिक संबंध बनाए।
जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। आरोप है कि युवक ने युवती का मोबाइल छीनकर दोनों के निजी फोटो और सबूत डिलीट कर दिए और शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



