शिवपुरी। साइबर ठगों ने अब पुराने सिक्के खरीदने का झांसा देकर लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में पुरानी शिवपुरी निवासी राजेश सौलखिया का मोबाइल और व्हाट्सऐप हैक कर ठगों द्वारा उनके परिचितों से पैसों की मांग की जा रही है। पीड़ित ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित राजेश के अनुसार, 21 अगस्त की दोपहर उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। कॉलर ने पुराने सिक्कों की खरीद-बिक्री के बारे में बातचीत की और कुछ ही देर में कॉल काट दिया। इसके तुरंत बाद उनका मोबाइल और व्हाट्सऐप काम करना बंद कर दिया। थोड़ी देर बाद जब परिचितों ने कॉल कर पैसे मांगने की बात पूछी, तब उन्हें व्हाट्सऐप हैक होने की जानकारी मिली।
राजेश ने साइबर सेल को आवेदन देकर खाता पुनः चालू कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आशंका जताई है कि उनके नंबर का आगे भी दुरुपयोग हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी अज्ञात ठग की होगी।




