भोपाल। ऐशबाग के बाग उमराव दूल्हा क्षेत्र में दिनदहाड़े हवाई फायर कर सनसनी फैलाने वाले बदमाश दिलावर खान को मंगलवारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है—जिस पिस्टल से आरोपी ने महिला को डराने के लिए फायर किया था, वह असल में नकली (लाइटर पिस्टल) निकली। यह पिस्टल केवल आग और धुआं निकालती है, जिसका इस्तेमाल आरोपी लोगों को डराने-धमकाने के लिए करता था।
विवाद के बाद निकाली थी पिस्टल
घटना बुधवार दोपहर की है, जब बरखेड़ी निवासी एक महिला गमी में शामिल होने जा रही थी। यू-टर्न लेते समय आरोपी की बाइक महिला की एक्टिवा से टकराते-टकराते बची। इसी बात पर दिलावर महिला से उलझ गया और कमर से पिस्टल निकाल ली। बहादुर महिला डरी नहीं और आरोपी से भिड़ गई। खुद को घिरता देख दिलावर हवाई फायर कर फरार हो गया था।
2025 से फरार था आरोपी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर गुरुवार सुबह उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, दिलावर खान मंगलवारा थाने के एक पुराने आपराधिक मामले में साल 2025 से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से वह नकली पिस्टल भी जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है।




