इंदौर में अन्नपूर्णा पुलिस के सामने ड्रीम शूटिंग एकेडमी के कोच मोहसिन खान के खिलाफ एक और पीड़िता गुरुवार रात शिकायत दर्ज कराने पहुंची। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मोहसिन ने एकेडमी में शूटिंग सिखाने के दौरान उससे पैसे ठगे और तंत्र-मंत्र का सहारा लेकर जबरन संबंध बनाने का दबाव बनाया।
पीड़िता ने बताया कि वह इस मामले में शिकायत करने का मन बना चुकी थी, लेकिन एकेडमी की कुछ लड़कियों ने उसे रोक दिया। आरोपी की दबंगई के कारण पीड़िता को अंततः एकेडमी छोड़नी पड़ी। उसने बताया कि मोहसिन उसे द्वारकापुरी के अहिरखेड़ी इलाके में ले गया था, जहां तंत्र-मंत्र के जरिए जादू-टोना किया और उसके भाई फैजान से जबरदस्ती संबंध बनाने की कोशिश की। मोहसिन ने फैजान के साथ रहने की बात भी कही।

अन्नपूर्णा पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। इससे पहले मोहसिन खान का सात दिन का रिमांड भी लिया गया था। डीसीपी ऋषिकेश मीना ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) भी गठित किया है। गुरुवार को मोहसिन के खिलाफ एक सरकारी कर्मचारी की बेटी भी थाने पहुंची थी, जिन्होंने धोखाधड़ी और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए थे।




