भोपाल की एमपी नगर पुलिस ने भिखारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। भीख नहीं मिलने पर भिखारी ने एक युवक के साथ अभद्रता की थी। युवक की शिकायत पर पुलिस ने भिखारी को हिरासत में लिया। हालांकि, सोमवार को उसे थाने से ही नोटिस देकर छोड़ दिया गया है।
थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा ने बताया कि घटनाक्रम 25 जनवरी का है। योगेंद्र भलावी शनिवार को गाड़ी से बोर्ड ऑफिस की तरफ आ रहे थे। बोर्ड ऑफिस स्थित सिग्नल पर एक युवक उनके पास आया और भीख मांगने लगा। भिखारी देखने में हष्ट-पुष्ट था। इसलिए योगेंद्र ने उससे कह दिया- इतने हट्टा कट्टा होने पर भीख मांगते हो।
यह सुनते ही भिखारी ने उससे अभद्रता कर दी। थाने पहुंची योगेंद्र ने पूरी कहानी पुलिस को बताई। पुलिस ने भिक्षावृत्ति निषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पूछताछ में आरोपी भिखारी ने पुलिस को बताया कि वह कई साल से भोपाल में भीख रहा है। समय-समय पर इलाका बदलता रहता है। अब पुलिस उसका रिकॉर्ड खंगालने में लग गई है।




