भोपाल | राजधानी के मंगलवारा इलाके में सोशल मीडिया की दोस्ती एक महिला के लिए खौफनाक अनुभव में बदल गई। शुक्रवार रात एक युवक ने अपनी इंस्टाग्राम फ्रेंड (29) को मिलने के बहाने बुलाकर होटल में बंधक बनाया और उसके साथ रेप किया। पुलिस ने आरोपी हारिस खान के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
धमकी देकर होटल ले गया आरोपी
टीला जमालपुर निवासी पीड़िता शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे चिरायु अस्पताल (मालीपुरा) से अपने रिश्तेदार को देखकर घर लौट रही थी। तभी उसके इंस्टाग्राम फ्रेंड हारिस खान का फोन आया। हारिस ने उसे बदनाम करने और पति की हत्या करने की धमकी देकर मनोहर डेयरी के पीछे बुलाया। वहां से आरोपी महिला को डरा-धमकाकर उसी के दोपहिया वाहन से हमीदिया रोड स्थित एक होटल ले गया।
3 घंटे तक बंधक बनाकर रखा
आरोपी ने होटल के कमरे में महिला को करीब 3 घंटे तक बंधक बनाए रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान परिजन लगातार महिला को फोन करते रहे, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। रात करीब 2:30 बजे जब महिला बदहवास हालत में घर पहुंची, तब उसने परिजनों को आपबीती सुनाई।
गैंगरेप की बात से पीड़िता का इनकार
शुरुआत में परिजनों ने चार युवकों द्वारा कार से अगवा कर गैंगरेप करने का आरोप लगाया था। हालांकि, पुलिस को दिए गए बयानों में महिला ने केवल हारिस खान द्वारा ही वारदात को अंजाम देने की पुष्टि की है।
थाना प्रभारी (मंगलवारा) अजय सोनी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी डीआईजी बंगला इलाके का रहने वाला है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं।




