भोपाल। राजधानी के कोहेफिजा थाना इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ लालघाटी स्थित एक निर्माणाधीन साइट पर मार्बल की घिसाई कर रहे 25 वर्षीय श्रमिक की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कटे तार ने ली जान
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सोनू वर्मा (25), निवासी राजगढ़ के रूप में हुई है। सोनू वर्तमान में भानपुर की मल्टी में किराए से रहकर मार्बल घिसाई मशीन ऑपरेटर का काम करता था। मंगलवार दोपहर जब वह मशीन चला रहा था, तभी मशीन के कटे हुए तार से उसे जोरदार करंट लग गया।
मशीन बंद होते ही चला पता
हादसे का पता तब चला जब काफी देर तक मशीन चलने की आवाज नहीं आई। सोनू का साथी जब उसे देखने पहुंचा, तो वह जमीन पर बेसुध पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच जारी: पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। शुरुआती जांच में लापरवाही की बात सामने आ रही है, जिसकी पुलिस तफ्तीश कर रही है।




