भोपाल | राजधानी के ईटखेड़ी इलाके में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में संघ प्रचारक दिनेश सिंह राजपूत (55) की जान चली गई। नेपानिया जोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस हादसे में उनके साथी समंदर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा
बैरसिया के ग्राम मेघराकलां निवासी दिनेश सिंह राजपूत पेशे से संघ के प्रचारक थे। वे अपने साथी के साथ ईटखेड़ी में एक परिचित के शादी समारोह में शामिल होने आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समारोह से लौटते समय नेपानिया जोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
अस्पताल में तोड़ा दम
घायलों को तत्काल हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के दिनेश सिंह ने दम तोड़ दिया। मृतक के भतीजे तरवर सिंह ने बताया कि चाचा को शादी के बाद गाँव में आयोजित संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होना था, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।
पुलिस कर रही है तलाश
ईटखेड़ी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। पुलिस अब नेपानिया जोड़ के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक का सुराग लगाया जा सके।




