एसी कोच में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले 5 सदस्यीय गिरोह को रानी कमलापति जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नर्मदा एक्सप्रेस में चोरी किया गया करीब 3 लाख रुपए का माल बरामद हुआ है। प्रारंभिक पूछताछ में गैंग ने अन्य ट्रेनों से करीब 8 लाख रुपए का माल चोरी करने की बात कबूली है। रानी कमलापति जीआरपी यह माल भी बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है। पकड़े गए आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। वह एसी कोच में रिजर्वेशन करवाकर सफर करते और रात के समय यात्रियों का सामान चोरी कर उतर जाते थे।
गहरी नींद में सोते यात्रियों के सामान को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक फरियादी विवेक विशाल (36) राजेंद्र नगर इंदौर के रहने वाले हैं। एक महीने पहले 19 दिसंबर को वह अपनी पत्नी प्रीति विशाल और बेटी अंकिशा विशाल के साथ नर्मदा एक्सप्रेस के एसी कोच में जबलपुर से इंदौर की यात्रा कर रहे थे। उनके पास चार ट्रॉली बैग और दो सामान्य बैग थे। उन्होंने ट्रॉली बैग सीट के नीचे रखे थे। रात करीब बारह बजे तीनों अपनी सीटों पर सो गए। सामने वाली सीट पर लेटा युवक बार-बार उनके सामान की तरफ देख रहा था। सुबह करीब सवा छह बजे ट्रेन रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो सामने वाली सीट पर बैठा युवक गायब था।
सोने के जेवरात भरा ट्राली बैग चोरी किया था
विवेक ने जब सीट के नीचे रखे अपने बैग देखे तो उनके 2 ट्रॉली बैग गायब थे। एक बैग में सोने का मंगलसूत्र, कान के झाले, नाक की नथ, एक जोड़ी कान के टॉप्स, मांग का टीका, डायमंड लगी सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, बिछिया, पांच हजार रुपए नकदी समेत करीब सवा 3 लाख रुपए का सामान रखा था। दूसरे बैग में कपड़े रखे हुए थे।

रिजर्वेशन चार्ट से पकड़ाए आरोपी
जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जीआरपी ने कोच के रिजर्वेशन चार्ट की जानकारी निकाली और उसके बाद बिहार के रहने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के नाम संजय खलीफा उर्फ लठवा (38), आलोक कुमार (42), प्रमोद कुमार श्रीवास्तव (50), नरेश शर्मा (48) और किशोर नट (44) बताए गए हैं। प्रमोद कुमार लखनऊ का रहने वाला है, जबकि बाकी चारों आरोपी बिहार के रहने वाले बताए गए हैं।
ट्रॉली बैग सहित चोरी का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का करीब तीन लाख रुपए का माल बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने महाकौशल एक्सप्रेस में ग्वालियर आउटर तथा प्रयागराज एक्सप्रेस में खंडवा स्टेशन पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। दोनों ट्रेनों में बदमाशों ने करीब आठ लाख रुपए का माल चोरी किया था, जिसे बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।




