प्रदेश में हेड ऑफ फॉरेस्ट (वन बल प्रमुख) असीम श्रीवास्तव के रिटायर होने से रिक्त पद पर वन विभाग ने बिन्दु शर्मा को प्रमोट कर पीसीसीएफ (प्रधान मुख्य वन संरक्षक) बनाया है। वन विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। इसके पहले असीम श्रीवास्तव के स्थान पर पीसीसीएफ वीएन अंबाड़े को नया हेड ऑफ फॉरेस्ट बनाने का आदेश जारी हो चुका है।
शनिवार को अवकाश के दिन वन विभाग ने आदेश जारी कर 31 जुलाई को किए गए बिन्दु शर्मा के तबादले में संशोधन किया है। 1994 बैच की आईएएफ बिन्दु शर्मा अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (जनसंपर्क और विक्रय) मध्यप्रदेश टिम्बर डिपो नई दिल्ली को अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वित्त एवं बजट) के पद पर स्थानांतरित किया था।
दो दिन पहले जारी आदेश के बाद आज में बदलाव कर दिया गया है। इसमें कहा है कि बिंदु शर्मा को अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक के पद से प्रमोट करते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक बनाया गया है। इसके साथ ही उनकी नई पदस्थापना पीसीसीएफ (उत्पादन) वन मुख्यालय के पद पर की गई है।
31 जुलाई को इनके हुए थे तबादले, डीएफओ और टाइगर
इसके पहले 12 आईएफएस के तबादला आदेश 31 जुलाई को जारी हुए थे। जिसमें बिन्दु शर्मा एपीसीसीएफ का नाम सबसे ऊपर था। इसके अलावा अंजना सुचिता तिर्की वन संरक्षक और क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व को वन संरक्षक कार्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, वरुण यादव वन मंडल अधिकारी पश्चिम बैतूल सामान्य वन मंडल को वन मंडल अधिकारी दक्षिण सागर सामान्य वन मंडल, अमित वसंत निगम वन मंडल अधिकारी छिंदवाड़ा उत्पादन को वन मंडल को वन मंडल अधिकारी अलीराजपुर सामान्य वन मंडल पदस्थ किया था।
वासनिक पांढुर्णा से बैतूल, सोलंकी धार से भोपाल आए
साथ ही लक्ष्मीकांत वासनिक वन मंडल अधिकारी पांढुर्णा दक्षिण छिंदवाड़ा सामान्य वन मंडल को वन मंडल अधिकारी पश्चिम बैतूल सामान्य वन मंडल, अशोक कुमार सोलंकी वन मंडल अधिकारी धार सामान्य वन मंडल को उप वन संरक्षक मध्य प्रदेश राज्य लघु वनोपज संघ भोपाल, विजयनंथम टीआर वन मंडल अधिकारी दक्षिण बैतूल सामान्य मंडल को वन मंडल अधिकारी धार सामान्य वन मंडल, अनुराग तिवारी वन मंडल अधिकारी बड़वाह सामान्य वन मंडल को वन मंडल अधिकारी उज्जैन सामान्य वन मंडल पदस्थ किया है।
माधव राष्ट्रीय उद्यान शिवपुरी के उपसंचालक बने हैं हरिओम
सचिन एच नडगडी वन मंडल अधिकारी बैतूल उत्पादन वन मंडल को वन मंडल अधिकारी पांढुर्णा सामान्य वन मंडल, भारती ठाकरे उप वन संरक्षक मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम सिवनी को वन मंडल अधिकारी डिंडोरी उत्पादन वन मंडल, हरिओम वन मंडल अधिकारी डिंडोरी उत्पादन वन मंडल को उप संचालक माधव राष्ट्रीय उद्यान शिवपुरी तथा रितेश सिरोठिया उप वन संरक्षक और प्रभारी टाइगर स्ट्राइक फोर्स भोपाल को उप वन संरक्षक वन्य प्राणी पश्चिम मध्य प्रदेश इंदौर पदस्थ किया था।