इंदौर | शहर के द्वारकापुरी इलाके में बेशकीमती जमीन को लेकर एक कारोबारी को धमकाने और लाखों रुपए की फिरौती मांगने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। ऋषि नगर निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी सौरभ राठौर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अड़ीबाजी और जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण दर्ज किया है।
बीच सड़क पर रोककर दी धमकी
पीड़ित सौरभ राठौर के अनुसार, गुरुवार को जब वे अपनी बेटी को लेने जा रहे थे, तभी कार शोरूम के पास आरोपी प्रेम प्रजापत ने अपनी गाड़ी अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि प्रेम ने पीड़ित पर ₹40 लाख देने और कुख्यात बदमाश किशोर हटकर उर्फ ‘भाऊ’ से समझौता करने का दबाव बनाया। आरोपी ने साफ शब्दों में कहा कि जमीन पर कब्जा वही करेंगे और पुलिसिया शिकायतों से कुछ नहीं होगा।
विवाद की जड़: डेढ़ करोड़ का प्लॉट
मामला करीब ₹1.5 करोड़ की कीमत वाले एक प्लॉट से जुड़ा है। पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पुराने मकान को तोड़कर नया निर्माण शुरू कराया, तब किशोर भाऊ और उसके साथियों ने जमीन पर कब्जे की कोशिश की। इस संबंध में पहले भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
धमकाने वाले आरोपी प्रेम प्रजापत का पुराना रिकॉर्ड भी खौफनाक रहा है। वह खुड़ैल क्षेत्र में एक चाय दुकानदार की हत्या और उसकी कार को 300 फीट गहरी खाई में फेंकने के मामले में 5 साल जेल काट चुका है। हालांकि, बाद में वह सुप्रीम कोर्ट से बरी हो गया था।
पुलिस का पक्ष: > द्वारकापुरी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रेम और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना है।




