भोपाल।राजधानी के 80 फीट रोड स्थित शिव मंदिर (थाना छोला मंदिर क्षेत्र) में पुलिस कमिश्नर (सीपी) संजय कुमार ने नागरिकों के साथ सीधा ‘जनसंवाद’ किया। इस दौरान जनता ने खुलकर अपनी समस्याएं और पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़ी शिकायतें वरिष्ठ अधिकारी के सामने रखीं, जिन पर सीपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
रेड बस में गिरोह और थाने में सुनवाई न होने की शिकायत
जनसंवाद के दौरान मंडीदीप के एक प्रिंसिपल ने बताया कि रेड बसों में 3-4 लोगों का एक गिरोह सक्रिय है। ये लोग नादरा बस स्टैंड से बस में सवार होते हैं और अल्पना तिराहे से भारत टॉकीज के बीच जेब काटते हैं। उन्होंने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि जब उनका मोबाइल चोरी हुआ और उन्होंने पूछताछ की, तो बदमाशों ने चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया।
वहीं, एक अन्य युवक ने पुलिस की लापरवाही की पोल खोलते हुए बताया कि बाइक चोरी होने के बाद वह खुद सीसीटीवी फुटेज लेकर थाने पहुंचा था। इसके बावजूद उसे दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक थाने में बैठाए रखा गया और स्टाफ ने उसे वहां से चले जाने को भी कहा। काफी मशक्कत के बाद उसकी रिपोर्ट दर्ज हुई।
लापरवाह पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई
थाने में शिकायतकर्ता को परेशान करने के मामले को सीपी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर ही एसीपी को मामले की जांच करने और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एक महिला की पर्स चोरी की शिकायत पर भी जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया गया। नागरिकों ने थाना क्षेत्रों की सीमाओं पर थाने का नाम और नंबर स्पष्ट रूप से लिखवाने का महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया।
ट्रैफिक नियमों की शपथ और साइबर सुरक्षा पर जोर
कार्यक्रम में सीपी संजय कुमार ने सभी नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। साथ ही, बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन को लेकर लोगों को जागरूक किया।
अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
सीपी ने जनता से अपील की है कि:
- किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि दिखने पर तुरंत डायल 112 पर कॉल करें।
- नशे के कारोबार (मादक पदार्थ) और अवैध हथियारों की जानकारी मोबाइल नंबर 7587648330 पर दें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।




