इंदौर में दवा व्यापारी की बैडमिंटन खेलने के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। मौके पर मौजूद साथियों ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की। रिस्पॉन्स नहीं मिलने पर नजदीक के निजी अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा बुधवार सुबह अभय प्रशाल का है।
साउथ तुकोगंज के रहने वाले अमित चेलावत (45) रोजाना की तरह बैडमिंटन खेल रहे थे। खेल के दो दौर पूरे हो चुके थे, तभी अमित के सीने में दर्द शुरू हुआ। वे एक ओर जाकर बैठ गए। कुछ ही देर में उनको बेहोशी छाने लगी। साथियों ने सीपीआर दिया तो वे उठकर बैठ गए।
उन्हें तात्कालिक उपचार के रूप में सॉर्बिट्रेट टेबलेट देनी चाही तो अमित ने यह कहकर लेने से इनकार कर दिया कि वे जैन धर्म की परंपरा नवकारसी के अनुसार सुबह 8 बजे के पहले कुछ खा नहीं सकते। साथियों ने जबरन दवाई दी तो दोनों बार उन्होंने मुंह से बाहर निकाल दी। इसी दौरान उन्हें दिल का दूसरा दौरा पड़ा।
भारतीय क्रिकेटर राहुल द्रविड़ के साथ खेलते थे रिश्तेदारों ने बताया कि अमित और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य राहुल द्रविड़ काफी अच्छे दोस्त थे। द्रविड़ जब भी इंदौर आते थे तो अमित से मिलते थे। अमित के साथ क्रिकेट भी खेलते थे।
परिवार में पत्नी और दो बेटियां अमित चेलावत के परिवार में पत्नी और दो बेटिया हैं। बड़ी बेटी आचमी अमेरीका में 5 साल के इंटीग्रेटेड कोर्स के फाइनल ईयर में है। छोटी बेटी मान्या 11वीं क्लास की छात्रा है। अमित का शेयर ब्रोकर का रैफिल टॉवर में ऑफिस है। अमित के बड़े भाई अतुल मनोहर केमिस्ट के नाम से दुकान चलाते हैं। पिता की पांच साल पहले कोरोना में मौत हो गई थी।




