मध्यप्रदेश के मुरैना में पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक अजय कुमार भट्ट और बैंक कृषि अधिकारी कुनाल नाग के खिलाफ राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने जांच के बाद दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। दोनों पर कूटरचित और फर्जी दस्तावेज के आधार पर 95 लाख 31 हजार रुपए के गबन का आरोप है।
इस तरह की गई जालसाजी ईओडब्ल्यू की जांच में पता चला कि 6 जनवरी 2007 से 21 मार्च 2011 की अवधि के दौरान पंजाब नेशनल बैंक शाखा बागचीनी जिला मुरैना में पदस्थ शाखा प्रबंधक अजय कुमार भट्ट एवं बैंक कृषि अधिकारी कुनाल नाग एवं अन्य द्वारा बड़ा घोटाला किया गया।
आरोपियों ने 50 हितग्राहियों के केसीसी खातों में कूटरचित एवं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 95 लाख 31 हजार रुपए केसीसी ऋण दर्शाकर राशि का गबन कर लिया।
45 हितग्राहियों का अस्तित्व तक नहीं 50 हितग्राहियों में 45 हितग्राहियों का अस्तित्व नहीं हैं। हालांकि जांच में 5 हितग्राहियों का अस्तित्व में होना पाया है। जिनके द्वारा लोन लेने से इनकार किया गया है। आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए जाने से आरोपियों के केस दर्ज किया गया है।
इन धाराओं में दर्ज की गई एफआईआर सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 409, 467, 468, 120 बी, भादवि एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 13 (1) क सहपठित धारा 13 (2) का अपराध पंजीबद्ध किया है। केस की जांच की जा रही है। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।




