गुना / बमोरी:
जिले के बमोरी इलाके के सोनखरा गांव में शनिवार रात अजीब स्थिति बन गई। वन भूमि पर जुताई को लेकर वन विभाग की टीम और एक ट्रैक्टर ड्राइवर के बीच विवाद हो गया, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में मामले दर्ज कराए हैं।
19 वर्षीय ट्रैक्टर ड्राइवर नंदकिशोर शिकारी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह रात में किराए का ट्रैक्टर चला रहा था, तभी वन विभाग के कर्मचारियों ने उसपर फायरिंग कर दी। उसकी पीठ और हाथ में छर्रे लगे हैं और ट्रैक्टर पर भी गोली के निशान हैं। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने वनपाल संतोष सोपारा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
वहीं, दूसरी ओर फॉरेस्ट गार्ड सरदार सिंह भिलाला की शिकायत पर क्रॉस FIR दर्ज की गई है। विभाग का कहना है कि आरोपी रात के समय आरक्षित वन भूमि पर अवैध रूप से ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। रोकने पर उसने टीम को गालियां दीं, शासकीय कार्य में बाधा डाली और ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश कर मौके से भाग निकला।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।




