दिवाली की रात आतिशबाजी से भोपाल में AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) बढ़ जाता है। इस बार वायु प्रदूषण को रोकने के लिए भोपाल में नगर निगम ने खास इंतजाम किए हैं। रात 10 से सुबह 4 बजे तक कुल 34 गाड़ियां शहर में घूमेगी और पानी का स्प्रे करेंगी। वहीं, शाम होते फव्वारे शुरू कर दिए जाएंगे।
बता दें कि हर दिवाली पर पटाखे चलाए जाने से धुआं भी निकलता है। जिससे वायु प्रदूषण भी होता है। पटाखे चलाने के बाद वायु में मिलने वाले बारूद के कणों को जमीन पर लाने के लिए पानी का छिड़काव किया जाएगा। इसके लिए प्रमुख चौराहों पर फागिंग मशीनों, फॉगर, जेड स्प्रे मशीनें घूमेंगी। शहर के सभी फाउंटेन भी चालू रखे जाएंगे।

सुबह से 6 गाड़ियां घूम रही सीवेज प्रभारी राजेंद्र कुमार त्रिवेदी ने बताया कि सोमवार सुबह 8 बजे से फॉगर और जेड स्प्रे मशीनें घूमा रहे हैं। न्यू मार्केट, मनीषा मार्केट, शाहपुरा, बिट्ठन मार्केट, लालघाटी, हमीदिया रोड, हमीदिया हॉस्पिटल के सामने, 10 नंबर मार्केट, कोहेफिजा समेत कई इलाकों में गाड़ियां घूमकर स्प्रे कर रही है। इससे एक्यूआई में कमी आई है।
21 हॉट स्पॉट पर रात में रहेगी नजर सीवेज प्रभारी त्रिवेदी ने बताया, रात 10 बजे से कुल 34 गाड़ियां शहर के 21 हॉट स्पॉट पर घूमेंगी। ये वे हॉट स्पॉट है, जहां पर हर साल एक्यूआई ज्यादा बढ़ जाता है। आज सुबह से स्प्रे कराने की वजह से एक्यूआई डेढ़ सौ तक आ गया है।




