भोपाल के चार इमली इलाके में आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष (IPS) से मंगलवार देर रात मोबाइल लूट की घटना हुई। बुधवार को वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। घटना के समय आईजी पत्नी के साथ वॉक पर निकले थे।
घटना के बाद हरकत में आई हबीबगंज पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया है। उनसे वारदात के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द पूरी वारदात का खुलासा कर सकती है।
जानकारी के मुताबिक, IG इंटेलिजेंस डॉ. आशीष (IPS) मंगलवार की देर रात 11 बजे अपनी पत्नी के साथ नाइट वॉक कर रहे थे, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
क्राइम ब्रांच सहित चार थानों की पुलिस तलाश में जुटी थीं
आईजी ने तत्काल मामले की जानकारी स्थानीय हबीबगंज थाना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। चार थानों की टीमें अलर्ट मोड पर आई और एक दर्जन से अधिक संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी।
हुलिया के आधार पर दो संदेही हिरासत में लिए
बदमाशों का सुराग लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले गए। एक स्थान से पुलिस को आरोपियों के फुटेज मिले। जिसके बाद पुलिस ने हुलिया के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया है।
एसीपी उमेश तिवारी ने कहा कि अपराधियों की तलाश और पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाले थे। बदमाशों के अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द पूरे मामले का खुलासा करेंगे।




