भोपाल। दीपावली के ठीक पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने भोपाल रेलवे स्टेशन के बाहर से ट्रेन द्वारा मुरैना से लाए गए 7 क्विंटल (700 किलो) एनालॉग पनीर को जब्त किया है। जब्त किए गए पनीर की बाजार कीमत करीब 2.5 लाख रुपए आंकी गई है। मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगने के बाद राज्य में यह अपनी तरह की पहली बड़ी कार्रवाई है।
ट्रेन के जरिए मुरैना से आया था माल खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मंगलवार रात करीब 2 बजे यह औचक कार्रवाई की, जो बुधवार सुबह तक जारी रही। अधिकारियों ने बिल्टी और ट्रांसपोर्ट बिल के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब विभाग इस बात की गहराई से जांच कर रहा है कि यह पनीर भोपाल में किस-किस होटल, रेस्टोरेंट या डेयरी पर सप्लाई होने वाला था। संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
क्या होता है एनालॉग पनीर? राज्य सरकार ने करीब तीन महीने पहले ही स्वास्थ्य सुरक्षा को देखते हुए पूरे मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर के विक्रय और भंडारण पर प्रतिबंध लगा दिया था। असली पनीर के विकल्प के रूप में तैयार किए जाने वाले इस कृत्रिम पनीर में दूध के स्थान पर वनस्पति वसा (पॉम ऑयल आदि), स्टार्च और अन्य केमिकल्स का उपयोग किया जाता है। कम कीमत होने के कारण बाजार में इसकी अवैध खपत तेजी से बढ़ रही थी। हाल ही में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस पर गहरी नाराजगी जताई थी, जिसके बाद प्रशासन और अधिक सख्त हो गया है।



