भोपाल: शहर के टीटी नगर इलाके के जवाहर चौक स्थित एक निर्माणाधीन भवन में सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। चेन की मदद से खड़ा किया जा रहा करीब दो टन वजनी भारी गैस सिलेंडर एक मजदूर के ऊपर गिर गया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान 53 वर्षीय घनश्याम रैकवार के रूप में हुई है। मृतक के परिचित नामदेव पवार ने बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे जब यह भारी सिलेंडर चेन से उठाया जा रहा था, तभी वह अचानक असंतुलित होकर घनश्याम के ऊपर आ गिरा।
परिजनों और परिचितों ने निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि काम के दौरान मजदूरों को हेलमेट, सुरक्षा जूते और दस्ताने जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए थे। आरोप है कि यदि घनश्याम को हेलमेट मिला होता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को हमीदिया अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, और पुलिस अब हादसे के अन्य पहलुओं व सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है।



