भोपाल: राजधानी के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रविवार (25 अक्टूबर) की रात एक दंपती ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति-पत्नी के शव एक ही कमरे में पंखे के कुंदे से लटके मिले।
मृतकों की पहचान सुरेंद्र सिलावट और उनकी पत्नी मोना के रूप में हुई है, जो मजदूरी करते थे। उनके परिवार में 15 और 13 साल के दो बच्चे हैं।
बच्चों को दूसरे कमरे में सुलाया था पुलिस के मुताबिक, घटना की रात दंपती ने अपने दोनों बच्चों को घर के दूसरे कमरे में सुलाया था और खुद मुख्य कमरे में थे। सोमवार सुबह जब एक पड़ोसी ने घर का दरवाजा खुला देखा, तो अंदर जाकर देखने पर इस खौफनाक वाकये की जानकारी हुई। घटना के बाद से दोनों बच्चे अनाथ हो गए हैं।
पड़ोसी से हुआ था विवाद ईंटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सप्रे ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिछले चार-पांच दिनों से पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद चल रहा था। इसके अलावा, चार दिन पहले किसी पड़ोसी से भी उनका झगड़ा हुआ था। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है, हालांकि अभी तक आत्महत्या की असल वजह सामने नहीं आई है।



