भोपाल। राजधानी की मंगलवारा थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए घर से लापता हुए एक 14 वर्षीय किशोर को महज 20 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला है। पुलिस ने बालक को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
31 मार्च को संगम तिराहा क्षेत्र से एक किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त मयूर खंडेलवाल और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अजय कुमार सोनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
CCTV फुटेज से मिली कामयाबी
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिसमें बालक रेलवे स्टेशन की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों पर सघन सर्चिंग अभियान चलाया और अंततः किशोर को ढूंढ लिया।
परिजनों के खिले चेहरे
थाना प्रभारी ने बताया कि बालक पूरी तरह सुरक्षित है और उसके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। पुलिस द्वारा बालक की काउंसलिंग भी कराई जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेश सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अजीत सिंह, अशोक दामले और आरक्षक शुभम व आशीष की अहम भूमिका रही।




