ग्वालियर। शहर के झांसी रोड थाने में पीटीएस तिघरा में पदस्थ एक इंस्पेक्टर (टीआई) के खिलाफ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक 38 वर्षीय विधवा महिला की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
फेसबुक से दोस्ती और झूठ का जाल
पीड़िता, जो शहर की एक पॉश कॉलोनी में बुटीक संचालित करती है, ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले फेसबुक के जरिए उसकी पहचान टीआई रूपेश शर्मा से हुई थी। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर महिला से नजदीकियां बढ़ाईं। पति के निधन के बाद अकेले रह रही महिला को आरोपी ने शादी का भरोसा दिया और उसके घर जाकर संबंध बनाए।
शादीशुदा निकला आरोपी
महिला का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो इंस्पेक्टर बहाने बनाने लगा। शक होने पर जब महिला ने पड़ताल की, तो पता चला कि रूपेश शर्मा पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। सच्चाई सामने आने पर विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
देर रात दर्ज हुई एफआईआर
रविवार देर रात महिला की शिकायत और प्राथमिक जांच के बाद झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी टीआई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।




