भोपाल। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने वर्ष 2026-27 के लिए सदन की महत्वपूर्ण समितियों का गठन कर दिया है। इन नियुक्तियों में सबसे चौंकाने वाला नाम कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती का है। मां के नाम पर फर्जी एफडी बनवाने के मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने और तिहाड़ जेल भेजे जाने के बावजूद, भारती को सदस्य सुविधा समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। गौरतबल है कि भारती की सजा का ऐलान इसी गुरुवार को होना है।
समितियों का मुख्य ढांचा:
1. कार्यमंत्रणा समिति:
सदन की इस सबसे प्रभावशाली समिति की कमान खुद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के हाथ में होगी। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और कैलाश विजयवर्गीय सहित वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव व डॉ. सीतासरन शर्मा को शामिल किया गया है।
2. सदस्य सुविधा समिति:
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को इस समिति का सभापति बनाया गया है। इसी समिति में जेल भेजे गए राजेंद्र भारती के अलावा मोहन शर्मा, प्रहलाद लोधी और डॉ. रामकिशोर दोगने जैसे नाम शामिल हैं।
3. शासकीय आश्वासन समिति:
विधायक हरिशंकर खटीक को इस समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति में नरेंद्र सिंह कुशवाह, विष्णु खत्री और डॉ. विक्रांत भूरिया सहित 10 विधायकों को बतौर सदस्य मनोनीत किया गया है।
4. प्रश्न एवं संदर्भ समिति:
इस समिति के सभापति विधायक अरुण भीमावद होंगे। इनके साथ बाला बच्चन, झूमा सोलंकी और नारायण पटेल जैसे अनुभवी विधायक सदन के प्रश्नों और संदर्भों की निगरानी करेंगे।



