मध्यप्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट के पास बुधवार रात अज्ञात आरोपी ने नर्स को गोली मार दी। गोली लगने से नर्स की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वारदात कर आरोपी मौके से फरार हो गया। मामला शाहगढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान दीपशिखा चढ़ार के रूप में की गई है। वह शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ थीं। बुधवार रात ड्यूटी के लिए निकली थीं, तभी आरोपी ने अंधेरे का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम दिया।
पहले धक्का देकर गिराया, फिर मारी गोली
दरअसल, स्टाफ नर्स रात 8 बजे के करीब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गेट के पास पहुंची थी, तभी आरोपी मौके पर पहुंचा। नर्स को पहले धक्का देकर गिराया। नर्स जब जमीन पर गिर गई तो गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही लोगों की भीड़ जुट गई।
इस दौरान भीड़ ने वारदात की पूरी जानकारी पुलिस दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही एडिशनल एसपी डॉ. संजीव उईके भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दीपशिखा के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
गोली मारकर जंगल की ओर भाग गया आरोपी
जानकारी के मुताबिक वारदात स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर शाहगढ़ पुलिस थाना है। अस्पताल के पास ही मुख्य बस स्टैंड है। भीड़भाड़ वाला इलाका होने के बावजूद आरोपी वारदात कर जंगल की ओर भाग निकला।
पुलिस टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए पीछा कर रही हैं। जंगल में सर्चिंग जारी है। शाहगढ़ नगर की नाकाबंदी की गई है। पास में ही छतरपुर जिले की बॉर्डर है, इसलिए छतरपुर जिले की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वहीं एडिशनल एसपी डॉ. संजीव उईके आरोपी को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई है। इसके अवावा स्वास्थ्य केंद्र और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।




