विदिशा। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार और एक्टिवा जब्त की गई है। कुल जब्त मशरूका करीब 12.85 लाख रुपए आंका गया है।
पहली कार्रवाई कुरवाई थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मेहलुआ चौराहे के पास की। पुलिस ने घेराबंदी कर गुजरात पासिंग की एक संदिग्ध कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 9 पेटियों में रखी 81 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी रोहित कुशवाह (निवासी क्रिरोदाब, नटेरन) को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपए कीमत की कार और शराब जब्त कर ली।
वहीं दूसरी कार्रवाई करारिया थाना पुलिस ने की। पुलिस टीम ने थाने के पास एक्टिवा सवार दो संदिग्धों को रोका, जिनकी तलाशी लेने पर 7 पेटी अवैध शराब (कीमत करीब 35 हजार रुपए) मिली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और जिले में किन-किन ठिकानों पर खपाई जानी थी।



