ग्वालियर में एक युवक ने सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद युवती पर शादी का दबाव बनाया। मना करने पर उसने अपने साथी के साथ मिलकर 19 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी कुलदीप कुशवाहा की युवती से करीब दो-तीन महीने पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया क्योंकि उसकी शादी कहीं और तय हो चुकी थी।
इस बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर कॉलेज के पास से युवती का अपहरण कर लिया और उसे मोटरसाइकिल पर बिठाकर राजस्थान ले गया। वहां उन्होंने युवती के साथ मारपीट भी की। जब युवती के परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, तो इसकी जानकारी मिलते ही आरोपी डर गया और युवती को ग्वालियर में उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया।
पीड़िता ने मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी और उसके साथी के खिलाफ अपहरण, एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।




