मध्य प्रदेश में सरकारी अनाज और कृषि उत्पादों की हेराफेरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। एक तरफ बालाघाट में एथेनॉल नीति की आड़ में 4 करोड़ रुपये के चावल का बड़ा घोटाला सामने आया है, तो दूसरी तरफ रायसेन जिले में वेयरहाउस संचालक और प्रबंधक द्वारा ही 73 लाख रुपये की मूंग चोरी करने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है।
बालाघाट: बोरगांव के लिए निकले 44 ट्रक रास्ते से ही गायब
बालाघाट से छिंदवाड़ा के बोरगांव के लिए अप्रैल से 1 जून के बीच निकले 44 ट्रकों का अब तक कोई सुराग नहीं है। इन ट्रकों में 66 खेप के जरिए लगभग 4 करोड़ रुपये कीमत का 16,500 क्विंटल चावल भेजा गया था।
सिंडिकेट ने रास्ते में ही उतारा माल
यह चावल एफसीआई (FCI) और सीडब्ल्यूसी (CWC) के गोदामों से एथेनॉल उत्पादन के लिए भेजा जाना था। एवीजे एग्रीको प्रा. लि. ने कागजों पर तो माल की प्राप्ति स्वीकार कर ली, लेकिन असल में एथेनॉल प्लांट और राइस मिलर्स के सिंडिकेट ने मिलीभगत कर पूरा चावल बालाघाट, वारासिवनी और सिवनी जिले की स्थानीय राइस मिलों में उतार लिया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में साफ हुआ है कि एक भी ट्रक बोरगांव नहीं पहुंचा।
कार्रवाई और जांच तेज
इस मामले में मुख्य आरोपी वारासिवनी के मिलर सौरव संचेती और एवीजे एग्रीको के प्रतिनिधि राहुल प्रताप फिलहाल फरार हैं। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के अनुसार, एसआईटी (SIT) ने अब तक विभिन्न मिलों से 10 ट्रक जब्त कर लिए हैं और 25 लोगों से पूछताछ जारी है।
रायसेन: रक्षक ही भक्षक बने, संचालक और प्रबंधक ने चुराई 73 लाख की मूंग
अनाज घोटाले का दूसरा बड़ा मामला रायसेन जिले के सिलवानी से सामने आया है। नीगरी स्थित सर्वोदयश्री वेयरहाउस से 73.60 लाख रुपये कीमत की 1760 बोरी (करीब 880 क्विंटल) मूंग गायब होने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि वेयरहाउस संचालक अर्पित जैन और शाखा प्रबंधक अवधेश गौर ने मिलकर की।
सीसीटीवी से खुला राज
गोदाम के ताले सुरक्षित होने और जबरन प्रवेश के निशान न मिलने पर पुलिस को शुरू से ही अंदरूनी मिलीभगत का शक था। पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि आरोपियों ने वेयरहाउस की दोनों चाबियों का इस्तेमाल कर आयशर और पिकअप वाहन से मूंग पार कर दी। चोरी का माल छिपाने के लिए उदयपुरा में एक दुकान किराए पर ली गई थी।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने उदयपुरा से 400 बोरी मूंग और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त कर लिया है।
मामले में संचालक अर्पित जैन (33), नफीस खान (42), कासिम अली (32) और लखन गौर (38) को गिरफ्तार किया गया है।
मध्य प्रदेश कृषि भंडारगृह अधिनियम और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।



