इंदौर। शहर के गोराकुंड क्षेत्र में सोमवार को 24 घंटे जल प्रदाय योजना के तहत बिछाई गई नई पाइप लाइन की टेस्टिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया। पानी के भारी दबाव के कारण मुख्य सड़क अचानक तेज धमाके के साथ फट गई और देखते ही देखते डामर व पेवर ब्लॉक के परखच्चे उड़ गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय सड़क पर सामान्य यातायात चल रहा था। कार, ऑटो और बाइक सवार वहां से गुजर रहे थे, तभी अचानक जमीन के नीचे से पानी का तेज फव्वारा छूटा और सड़क के बीचोबीच गहरा गड्ढा हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर जान बचाने के लिए भागे। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट (एबीडी) के तहत यह सड़क करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से तीन साल पहले ही तैयार की गई थी। पानी का दबाव न झेल पाने के कारण सड़क टूटने से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पहली टेस्टिंग में ही सड़क का धंस जाना घटिया निर्माण और प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। क्षेत्रवासियों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।



