गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम, वन विभाग के ऑफिस में की तोड़फोड़
सवाई माधोपुर |
रविवार देर रात सवाई माधोपुर के टोडरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां घर के चौक में सो रही 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला (लीला देवी) पर एक लेपर्ड (तेंदुए) ने जानलेवा हमला कर दिया। लेपर्ड महिला के सिर और गर्दन को मुंह में दबाकर करीब 10 मीटर तक घसीट ले गया। हालांकि, बेटे की बहादुरी और सूझबूझ से महिला की जान बच गई।
मुंह में दबोच कर दीवार फांदने की थी कोशिश
घायल महिला के बेटे विनोद कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे लेपर्ड दीवार फांदकर घर में घुसा था। मां की चीख सुनकर जब परिवार जागा, तो लेपर्ड उन्हें मुंह में दबोचकर दीवार पर चढ़ चुका था और दूसरी तरफ खींचने की कोशिश कर रहा था। विनोद ने बिना डरे तुरंत दौड़कर मां के पैर पकड़ लिए। परिवार के अन्य लोगों के जुटने और शोर मचाने पर लेपर्ड शिकार छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल
इस जानलेवा हमले में लेपर्ड के दांत महिला के सिर और गर्दन में गहरे धंस गए। वन विभाग की टीम ने घायल अवस्था में उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
नाराज ग्रामीणों का हंगामा और तोड़फोड़
इस घटना के बाद से ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में लोगों ने फलोदी रेंज ऑफिस पहुंचकर प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और रेंज ऑफिस के अंदर घुसकर तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलने पर रवाजना डूंगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराया।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
लेपर्ड के लगातार हो रहे हमलों को लेकर फलोदी रेंज की फॉरेस्टर सुमन गुर्जर ने बताया कि आबादी वाले इलाकों में लोगों को सतर्क रहने के लिए अनाउंसमेंट कराया जा रहा है। किसी अन्य घटना को रोकने के लिए वन विभाग का स्टाफ अब रात के समय लगातार गश्त कर रहा है।




