भोपाल के कोलार इलाके की 6 उचित मूल्य की दुकानों पर शनिवार को खाद्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ढेरों गड़बड़ी मिली। कहीं शक्कर और चावल कम मिले तो कहीं गेहूं। स्टॉक से कम सामान मिलने पर प्रकरण बनाने की कार्रवाई की गई।
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया, शनिवार को कोलार क्षेत्र की दुकानों की जांच की गई। टीम में सहायक आपूर्ति अधिकारी संदीप भार्गव, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मयंक द्विवेदी और तृणाल जांभोलकर शामिल थे।

इन दुकानों पर पहुंची टीम कोलार क्षेत्र की निशिता प्राथमिक उपभोक्ता भंडार, कल्याणी प्राथमिक उपभोक्ता भंडार इनायतपुर, हरियाली स्व-सहायता समूह बोरदा, मोनिका उपभोक्ता भंडार प्रियंका नगर, सक्षम प्राथमिक उपभोक्ता भंडार बंजारी और अहिल्या प्राथमिक उपभोक्ता भंडार बीमाकुंज द्वारा संचालित अलग-अलग 6 शासकीय उचित मूल्य की दुकानों की जांच की गई। इस दौरान निशिता भंडार में 1080 किलो चावल, 45 किलो शकर कम पाई गई। कल्याणी भंडार में 726 किलो गेहूं, 1284 किलो चावल कम, 956 किलो नमक और 17 किलो शकर अधिक मिली। इसी प्रकार अन्य दुकानों में भी अनियमितताएं पाई गईं।




