ग्वालियर में ऑनलाइन ट्रेडिंग और टास्क के नाम पर एक छात्रा से 3 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इंदरगंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शुभम कॉम्पलेक्स डीडी मॉल के पीछे रहने वाली 20 वर्षीय जूली बीए की छात्रा है। 15 जनवरी को उसकी फेसबुक पर एक अनजान युवक से दोस्ती हुई। युवक ने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने वाला बताया और टास्क के जरिए निवेश पर 20 प्रतिशत तक मुनाफा मिलने का लालच दिया। छात्रा भी ऑनलाइन टास्क लेने के लिए तैयार हो गई। छात्रा सबसे पहले 200 रुपए लगाए तो उसे 300 रुपए मिले।
टैक्स के रूप में 3 लाख की मांग
प्रॉफिट मिलते ही उसे लालच आ गया। छोटे-छोटे इन्वेस्टमेंट के बाद वह ज्यादा राशि लगाने लगी। जब 3 लाख रुपए लगा दिए और प्रॉफिट हुए रुपए निकालने का प्रयास किया तो सामने वालों ने टैक्स के तीन लाख रुपए और जमा कराने के लिए कहा। इस पर छात्रा को संदेह हुआ तो उसने रुपए वापस मांगे, जिस पर उन्होंने मना कर दिया और मोबाइल बंद कर दिया। घटना 15 जनवरी से अभी तक की है।
छोटे मुनाफा से आया लालच, गंवाई बड़ी रकम
ठगों ने छात्रा को एक वाटसएप ग्रुप में एड किया, इसके कुछ दिन बाद उसे वहां से लेफ्ट कराकर दूसरे ग्रुप में एड किया। यहां उसे गाइड कर उसका रुपया टास्क के नाम पर लगवाया गया। अपनी पूरी बचत लगाने के बाद छात्रा को मोटा मुनाफा हो गया।
एसएसपी से की शिकायत ठगी की शिकार छात्रा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की। शिकायत पर पुलिस कप्तान ने इंदरगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की पड़ताल में जुट गई है।
पुलिस का कहना है इंदरगंज थाना पुलिस ने बताया कि
फेसबुक पर दोस्ती कर अनजान ठग ने छात्रा के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। ठगों ने टास्क पर इन्वेस्ट करने और बीस प्रतिशत लाभ का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया है। मामला दर्ज कर ठगों की तलाश की जा रही है।




